इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़, मोबाइल-चेन स्नैचिंग गिरोह का आरोपी घायल, साथी आमिर फरार

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोहेल के पैर में लगी गोली, साथी आमिर फरार; तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

गाज़ियाबाद। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने सोमवार रात कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों रुकने के बजाय बाइक तेज गति से भगाकर 5/6 की पुलिया की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने शक होने पर उनका पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने के दौरान बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपी की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सोहेल, निवासी दिल्ली बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने करीब 15 दिन पहले थाना इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा चौकी के अंतर्गत मोबाइल स्नैचिंग की घटना में शामिल होने की बात बताई हैं। पुलिस के अनुसार, सोहेल और उसका फरार साथी आमिर मिलकर इंदिरापुरम सहित दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे।

तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा ब्लैक कलर की ड्यूक बाइक भी बरामद हुई हैं, जिसके दिल्ली से चोरी होने की बात सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच में उसके खिलाफ चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया हैं। फरार आरोपी आमिर की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।

ACP सूर्यबली मौर्य का पुलिस वर्जन

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कनावनी पुस्ता रोड पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस से बचकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी सोहेल के पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका साथी आमिर मौके से फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, खोखा व कारतूस तथा चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी की जा रही हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें