पुलिसकर्मियों ने सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प, जनसेवा और जनविश्वास को मजबूत करने पर दिया जोर
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन्स गाज़ियाबाद में श्रद्धा, गरिमा एवं प्रेरणादायक वातावरण में श्रद्धांजलि समारोह एवं कर्तव्यनिष्ठा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके उपरांत उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।
गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश पर जोर
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता एवं सत्यनिष्ठा को अपने जीवन का आधार बनाया। उनके विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सार्वजनिक सेवा और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में भी इनका महत्वपूर्ण स्थान हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने तथा आमजन के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक एवं निष्पक्ष व्यवहार करने का आह्वान किया।
लाल बहादुर शास्त्री के सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को किया याद
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना को भी याद किया गया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी और उच्च नैतिक मूल्यों का उदाहरण हैं। उनका जीवन प्रत्येक सरकारी सेवक एवं जनसेवक के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में रहते हुए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
पुलिसकर्मियों को दिलाया गया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
जयंती समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण की शपथ दिलाई गई। पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। संकल्प कार्यक्रम में विशेष रूप से महिला एवं बाल सुरक्षा, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता तथा आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष एवं संवेदनशील तरीके से समाधान करने पर जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसेवा और जनविश्वास को बताया पुलिस कार्यप्रणाली का आधार
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में अनुशासन, निष्पक्षता, पारदर्शिता, जनविश्वास एवं कर्तव्यपरायणता का विशेष महत्व हैं। पुलिसकर्मी सीधे तौर पर आमजन के संपर्क में रहते हैं, इसलिए उनके व्यवहार एवं कार्यशैली का प्रभाव जनता के बीच पुलिस की छवि और विश्वास पर पड़ता हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि पुलिस सेवा को केवल कानून लागू करने तक सीमित न रखते हुए जनसेवा और जनहित को भी प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनना, नियमानुसार कार्रवाई करना तथा पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्ति को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता, अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए पुलिसकर्मियों से अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता और अनुशासन केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन एवं कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कम्बल भेंट कर बढ़ाया उत्साह
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कम्बल भेंट किए गए। इस अवसर पर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के प्रत्येक स्तर के कर्मचारियों के योगदान एवं सेवा भावना के महत्व को रेखांकित किया गया।
महापुरुषों के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों और विचारों को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। पुलिसकर्मियों ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन के विश्वास को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इस प्रकार गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पुलिसकर्मियों के लिए केवल श्रद्धांजलि समारोह ही नहीं, बल्कि जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देने वाला अवसर भी रहा। समारोह का समापन दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को नमन करते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ पुलिस दायित्वों का निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
