लोनी बॉर्डर में प्लॉट कब्जे को लेकर विवाद, हत्या के प्रयास के मामले में तीन गिरफ्तार

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने प्लॉट के कब्जे को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर पथराव करने, जान से मारने की नीयत से गोली चलाने और धमकी देने का आरोप हैं। घटना में गोली वादी को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन गोली एक अन्य व्यक्ति को लग गई। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सोमवार 21 सितंबर 2026 को थाना लोनी बॉर्डर में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि प्लॉट के कब्जे को लेकर उसका और विपक्षी पक्ष का विवाद चल रहा था। आरोप हैं कि ऋषिपाल, उसके पुत्र विक्रान्त, गजेन्द्र और एक अज्ञात व्यक्ति ने वादी तथा अन्य लोगों पर पथराव किया और जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक, गोली वादी को नहीं लगी, बल्कि सन्दीप पुत्र कृष्णपाल निवासी बेहटा को जा लगी। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर थाना लोनी बॉर्डर में धारा 125(बी), 109(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद सोमवार को थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने मुकदमे में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिपाल पुत्र जगदीश, निवासी बलराज नगर, थाना लोनी बॉर्डर, उम्र करीब 69 वर्ष, दूसरे की विक्रान्त पुत्र ऋषिपाल, निवासी बलराज नगर, थाना लोनी बॉर्डर, उम्र करीब 38 वर्ष और तीसरे की गजेन्द्र पुत्र विरमे, निवासी ग्राम खुर्रमपुर, थाना मुरादनगर, उम्र करीब 54 वर्ष के रूप में हुई हैं।

मौके से रिवॉल्वर और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, घटना स्थल से फील्ड यूनिट द्वारा एक रिवॉल्वर, 09 खोखे और 02 कारतूस बरामद किए गए। वहीं, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 27/30 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताई घटना की वजह

एसीपी अंकुर विहार अमरदीप कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ऋषिपाल ने बताया कि विवादित प्लॉट के कब्जे को लेकर विपक्षी पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, उसने और उसके बेटे विक्रान्त ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से नेपाल सिंह को गोली मारने का प्रयास किया था, लेकिन गोली नेपाल सिंह को न लगकर सन्दीप पुत्र कृष्णपाल को लग गई। पूछताछ में गजेन्द्र के भी झगड़े के दौरान उनके साथ मौजूद होने की बात सामने आई हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं तथा आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही हैं। इसके अलावा, बरामद लाइसेंसी रिवॉल्वर व कारतूस के संबंध में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें