फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर क्रेडिट कार्ड से कराता था ऑर्डर, फर्जी डिलीवरी दिखाकर खाते में मंगाता था रकम; 4 मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप बरामद
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना साइबर क्राइम, पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस ने Swiggy प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित तौर पर साइबर फ्रॉड करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर एक मामले का खुलासा किया हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फर्जी रेस्टोरेंट रजिस्टर कराकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल करते हुए करीब 30 लाख रुपये का साइबर फ्रॉड किया। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में वसुंधरा, इंदिरापुरम स्थित एक्सिस बैंक की जोखिम प्रबंधन टीम के मैनेजर बिस्वजीत चौधरी की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में अभियोग दर्ज कराया गया था।
फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर करता था फ्रॉड
साइबर क्राइम टीम ने विवेचना के दौरान आरोपी गर्वित (21 वर्ष) पुत्र संजीव कुमार, निवासी रोहतक, हरियाणा, हाल निवासी वैशाली, गाज़ियाबाद को 18 सितंबर 2026 को थाना कौशाम्बी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में Tech Mahindra में कस्टमर केयर की नौकरी करता था। YouTube पर वीडियो देखने के बाद उसे इस तरह के साइबर फ्रॉड का तरीका पता चला। इसके बाद उसने ‘श्याम की रसोई’ और ‘राधा की रसोई’ नाम से फर्जी रेस्टोरेंट तैयार कर FSSAI पंजीकरण प्रमाणपत्र हासिल किए। पुलिस का कहना हैं कि आरोपी को Telegram पर संचालित ‘FAST OTP BOT’ चैनल के जरिए क्रेडिट कार्ड संबंधी डेटा प्राप्त होता था। इसके बाद उसने अपने फर्जी रेस्टोरेंट को Swiggy प्लेटफॉर्म पर मोबाइल नंबर और बैंक खाते के साथ रजिस्टर किया।
क्रेडिट कार्ड धारकों को बैंक अधिकारी बनकर करता था कॉल
पुलिस के अनुसार, आरोपी क्रेडिट कार्ड धारकों के मोबाइल नंबर पर JIOJOIN ऐप के माध्यम से वाई-फाई कॉलिंग करता था और खुद को एक्सिस बैंक का ग्राहक सेवा अधिकारी बताता था। आरोप हैं कि वह क्रेडिट कार्ड पर लगे सर्विस चार्ज या लेट पेमेंट हटाने के नाम पर ग्राहकों से Swiggy ऑर्डर के भुगतान की OTP हासिल करता था। इसके बाद उसी OTP के जरिए अपने फर्जी रेस्टोरेंट के नाम पर Swiggy ऑर्डर का भुगतान कर देता था। पुलिस के मुताबिक, इन ऑर्डरों को फर्जी तरीके से डिलीवर दिखाकर Swiggy से सर्विस चार्ज काटने के बाद शेष रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराता था। बाद में रकम को ATM और चेक के जरिए निकाल लिया जाता था।
एक रेस्टोरेंट पर शिकायत के बाद बदला नाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में ‘श्याम की रसोई’ नाम से रेस्टोरेंट रजिस्टर किया था। शिकायत आने के बाद उसने ‘राधा की रसोई’ नाम से दूसरा फर्जी रेस्टोरेंट बनाया। इसे Swiggy द्वारा बैन किए जाने के बाद उसने ‘खाना खजाना’ नाम से एक और रेस्टोरेंट रजिस्टर किया और कथित तौर पर इसी के माध्यम से फ्रॉड जारी रखा। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को आरोपी ने FAST OTP BOT से मिले एक क्रेडिट कार्ड धारक के कार्ड से करीब 38 हज़ार रुपये का Swiggy ऑर्डर जनरेट कर कथित साइबर फ्रॉड किया।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट और 1 लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद डिजिटल साक्ष्यों में FAST OTP BOT Telegram चैनल से चैट, क्रेडिट कार्ड की डिटेल वाली Google Sheet, फर्जी रेस्टोरेंट से संबंधित FSSAI दस्तावेज और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों से जुड़ी जानकारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, FAST OTP BOT चैनल द्वारा कथित रूप से उपलब्ध कराए गए डेटा के बदले जिन QR कोड के माध्यम से भुगतान किया गया था, उनकी जांच की जा रही हैं। Telegram User ID के आधार पर भी अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी
वहीं, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गर्वित, पुत्र संजीव कुमार, उम्र करीब 21 वर्ष, शिक्षा बी.कॉम, निवासी रोहतक, हरियाणा तथा वर्तमान पता वैशाली, गाज़ियाबाद के रूप में हुई हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से 4 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट और 1 लैपटॉप भी बरामद हुआ हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
