अतिरिक्त पुलिस आयुक्तों से लेकर डीसीपी स्तर तक अधिकारियों ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) तथा राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था/यातायात) ने अपने-अपने कार्यालयों में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त नगर, सुरेन्द्र नाथ तिवारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण एवं ऋजुल, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन द्वारा भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने पुलिस से संबंधित विभिन्न शिकायतों, विवादों और अन्य समस्याओं को अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात को ध्यानपूर्वक सुनते हुए प्रकरणों की प्रकृति के अनुसार संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी निष्पक्ष जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों की जांच के दौरान सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों को ध्यान में रखा जाए तथा किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव न किया जाए। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और निस्तारण की स्थिति से भी अवगत कराया जाए, जिससे पुलिस व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने दिया जवाबदेही और पारदर्शिता पर जोर
जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना हैं। इससे शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में मदद मिलती हैं। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की ओर से नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए। आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान और पुलिस के प्रति विश्वास कायम रखना इस जनसुनवाई का प्रमुख उद्देश्य रहा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India