गाज़ियाबाद में जिम संचालकों पर पुलिस सख्त, सुरक्षा से लेकर महिला संरक्षण तक के दिए निर्देश

SHARE:

डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने लोनी में जिम संचालकों के साथ की अहम बैठक, सीसीटीवी कैमरे, सदस्य सत्यापन और महिला ट्रेनर की उपस्थिति अनिवार्य करने पर जोर

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट लगातार विभिन्न संस्थानों और प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ संवाद स्थापित कर रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को ग्रामीण जोन पुलिस की ओर से थाना लोनी परिसर में क्षेत्र के जिम संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिम की सुरक्षा व्यवस्था, सदस्यों की पहचान, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार, थाना प्रभारी अंकुर विहार, थाना प्रभारी लोनी बॉर्डर और थाना प्रभारी लोनी सहित क्षेत्र के विभिन्न जिम संचालक मौजूद रहे।

जिमों में सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना अनिवार्य

दरअसल, बैठक के दौरान डीसीपी ग्रामीण ने सभी जिम संचालकों को निर्देशित किया कि अपने-अपने जिम परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। विशेष रूप से जिम के प्रवेश और निकास द्वारों पर कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कैमरों की दिशा और एंगल को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। कहा गया कि कैमरों का एंगल इस प्रकार निर्धारित किया जाए, जिससे जिम परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके, लेकिन किसी भी परिस्थिति में कैमरे चेंजिंग रूम की तरफ नहीं होने चाहिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

जिम में आने वाले प्रत्येक सदस्य का रखा जाए पूरा रिकॉर्ड

पुलिस ने जिम संचालकों को निर्देश दिए कि जिम में सदस्यता लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति का उचित पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) और पूरा विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। सदस्यता से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त जिम में काम करने वाले सभी कर्मचारियों, जिनमें ट्रेनर, हाउसकीपिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी शामिल हैं, का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य बताया गया। सभी कर्मचारियों का विवरण एक निर्धारित रजिस्टर में दर्ज कर उसे नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश भी दिए गए।

महिला सदस्यों की सुरक्षा पर पुलिस का विशेष फोकस

वहीं, बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय महिलाओं की सुरक्षा रहा। पुलिस अधिकारियों ने जिम संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिम में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त और प्रभावी इंतजाम किए जाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अनुचित व्यवहार या विवाद की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया जाए। महिला सदस्यों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम में महिला ट्रेनर की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिम संचालकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हैं।

जिम के बाहर गुंडागर्दी और अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं

कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के संबंध में भी पुलिस ने जिम संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जिम परिसरों के बाहर किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, असामाजिक गतिविधि, अवैध पार्किंग या ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए, जिससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी हो अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित हो। संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास अनुशासन बनाए रखने और किसी भी असामाजिक तत्व को संरक्षण नहीं देने की हिदायत दी गई।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि जिम संचालकों को सुरक्षा और कानून से जुड़े सभी निर्धारित निर्देशों का गंभीरता से पालन करना होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों के उल्लंघन अथवा असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने की शिकायत सामने आने पर संबंधित जिम संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिम संचालकों से पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने की अपील की।

पुलिस और जिम संचालकों के बीच समन्वय मजबूत करने की पहल

ग्रामीण जोन पुलिस की इस बैठक को लोनी क्षेत्र में संचालित जिमों की सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करने और संभावित आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा संबंधी निर्देश देना ही नहीं, बल्कि जिम संचालकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना और पुलिस-जनसहयोग को मजबूत बनाना भी हैं। गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल से जिमों में आने वाले युवक-युवतियों, विशेषकर महिला सदस्यों की सुरक्षा को बेहतर बनाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें