![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की यातायात शाखा द्वारा कविनगर स्थित रामजानकी ऑडिटोरियम, रामलीला ग्राउंड में समस्त यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन ने की।
![]()
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम शुचिता सिंह भी मौजूद रहीं। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात सभी यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सुरक्षात्मक उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें। गोष्ठी में आमजन और कांवड़ यात्रियों के साथ शालीन, सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
![]()
साथ ही निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निष्ठा, शुचिता और समर्पण की भावना से कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








