![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की थाना वेव सिटी पुलिस ने 20-22 वर्षीय अज्ञात युवती की हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड भी बरामद किया हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी सगी बहन की हत्या कथित रूप से उसके प्रेम संबंधों और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद की। 23 जुलाई 2026 को काजीपुरा स्थित ज्वार के खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना पर थाना वेव सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शव का गला किसी धारदार हथियार से काटा गया था। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए लगभग 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और बीटीएस (मोबाइल लोकेशन) डेटा का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर 26 जुलाई 2026 को थाना वेव सिटी पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दीपक कुमार (24 वर्ष) निवासी ग्राम बंधवाताल, थाना बांसी, जनपद सिद्धार्थनगर को काजीपुरा स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड भी बरामद हुआ। पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह वेव सिटी में पेंट और पीओपी का काम करता है। उसे अपनी बहन रीमा के एक युवक से बात करने और उससे शादी करने की बात पर आपत्ति थी। 22 जुलाई को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में उसने पहले बहन का गला दबाया और फिर पीओपी के काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से उसका गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को काजीपुरा के पास ज्वार के खेत में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी हैं। मामले में आरोपी का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई में थाना वेव सिटी पुलिस, स्वाट टीम नगर जोन और सर्विलांस टीम नगर जोन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








