![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। मोदीनगर रेंज, गाज़ियाबाद वन प्रभाग के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खण्ड भोजपुर की ग्राम पंचायत चुड़ियाला स्थित कम्पोजिट विद्यालय में “ग्रीन चौपाल, पौधारोपण एवं आम भंडारा कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
![]()
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, खण्ड विकास अधिकारी पीयूष वर्मा, जिला परियोजना अधिकारी प्रदीप कुमार पाण्डेय तथा ब्लॉक प्रमुख सुचिता सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मोदीनगर रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित सिंह एवं वन विभाग की टीम ने उपस्थित ग्रामीणों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों को वन एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
![]()
साथ ही वन विभाग द्वारा संचालित कार्बन क्रेडिट योजना के लाभ, उसकी प्रक्रिया और उससे जुड़ने के तरीकों की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु सूचना पुस्तिकाएं एवं पैम्फलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
![]()
इसके साथ ही “आम भंडारा कार्यक्रम” के अंतर्गत ग्रामवासियों एवं बच्चों को निःशुल्क आम के पौधों का वितरण किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग पौधे लगाकर हरित वातावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकें। कार्यक्रम में मोदीनगर रेंज के समस्त वनकर्मी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित गाज़ियाबाद के निर्माण का संकल्प भी लिया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








