कांवड़ यात्रा 2026: एसीपी ने मुरादनगर गंग नहर व छोटा हरिद्वार का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अजय कुमार, एसीपी ट्रैफिक थर्ड/मसूरी ने बृहस्पतिवार दोपहर मुरादनगर स्थित गंग नहर क्षेत्र और छोटा हरिद्वार मंदिर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान एसीपी सबसे पहले थाना मुरादनगर क्षेत्र की गंग नहर चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने गंग नहर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने और पुलिसकर्मियों को लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए।

एसीपी ने गंग नहर में बह रहे पानी के स्तर का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने संभावित जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों से भी बातचीत की गई। एसीपी ने कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या, भीड़ के दबाव, पिछले वर्षों के अनुभव और स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। एसीपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा सुचारु यातायात संचालन की रणनीति तैयार करने पर विचार किया गया।

इसके बाद एसीपी ने छोटा हरिद्वार स्थित मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान थाना मुरादनगर प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार मौर्य सहित स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें