![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की थाना लोनी पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित एक सफेद धातु का बिस्किट, एक पीली धातु का ठोस टुकड़ा और चोरी की एक स्कूटी बरामद की हैं। मामले में एक सुनार को भी वांछित आरोपी बनाया गया हैं, जिसकी तलाश जारी हैं। पुलिस के अनुसार, 28 मई 2026 को थाना लोनी में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार जांच की गई।
2 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान आज बृहस्पतिवार को थाना लोनी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू सिंह (26 वर्ष) निवासी सफेद गेट, भोपुरा थाना टीला मोड़ तथा शाहिल उर्फ चूसा (19 वर्ष) निवासी सबापुर अंडरपास के नीचे, थाना ट्रोनिका सिटी के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरों को गलाकर तैयार किया गया एक सफेद धातु का बिस्किट, एक पीली धातु का ठोस टुकड़ा तथा एक चोरी की स्कूटी बरामद की। बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं और चोरी की स्कूटी बरामद होने पर अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया हैं।
सुनार को बेचे थे चोरी के जेवर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब 30–35 दिन पहले उन्होंने बंथला गांव स्थित एक घर में चोरी की थी। चोरी किए गए जेवरों का कुछ हिस्सा लोनी तिराहे पर दुकान चलाने वाले सुनार बंटी वर्मा को बेच दिया था, जबकि कुछ जेवर उसी से गलवाकर अपने पास रख लिए थे। आरोपियों ने बताया कि बेचे गए जेवरों से मिले पैसे उन्होंने अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दिए। जब दोबारा पैसों की जरूरत पड़ी तो वे गलवाए गए जेवर बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सुनार की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में बंटी वर्मा को वांछित आरोपी बनाया हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दें रही हैं।
आगे की कार्रवाई
लोनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं। साथ ही फरार सुनार की तलाश और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








