![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की थाना मुरादनगर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 12 मोबाइल फोन और 520 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी हैं। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को थाना मुरादनगर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने विनोद (52 वर्ष), पुत्र रनपाल, निवासी ग्राम दोसा बंजारपुर, थाना भोजपुर, गाज़ियाबाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के 12 मोबाइल फोन बरामद हुए।
सड़क किनारे सो रहे लोगों को बनाता था निशाना
![]()
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसीपी ट्रैफिक थर्ड/मसूरी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह हाईवे और सड़कों के किनारे सो रहे लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन और नकदी चोरी करता था। आरोपी ने बताया कि उसके पास से बरामद एप्पल और ओप्पो के मोबाइल फोन तथा 520 रुपये उसने कुछ दिन पहले असालतनगर स्थित हनुमान मंदिर के बाहर सो रहे कांवड़ यात्रियों से चोरी किए थे। इसके अलावा बैग से बरामद अन्य मोबाइल उसने मोदीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे सो रहे लोगों से चुराए थे।
सस्ते दामों में बेच देता था चोरी के मोबाइल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी के मोबाइल राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देता था। इस बार उसके पास अधिक संख्या में मोबाइल होने के कारण वह किसी दुकानदार की तलाश में था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना मुरादनगर में चोरी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही हैं। वहीं, मुरादनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं। साथ ही बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की कार्रवाई भी की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








