लोनी ट्रोनिका सिटी में सरकारी भूमि पर बने अवैध मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हटाया गया अतिक्रमण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत रविवार को गाज़ियाबाद के लोनी ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सी-8 सेक्टर में सरकारी भूमि पर बने एक अवैध मजार को प्रशासन, पुलिस और यूपीसीडा की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल, पीएसी तथा प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी विरोध अथवा अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

जिला प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई शासन के निर्देशों के अनुरूप सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं था मजार

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ट्रोनिका सिटी के सी-8 सेक्टर में स्थित यह भूमि उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के अधिकार क्षेत्र की सरकारी भूमि हैं। जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों और संबंधित विभागीय रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया, जिसमें यह पाया गया कि उक्त मजार किसी भी सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था। साथ ही भूमि पर किया गया निर्माण नियमानुसार स्वीकृत भी नहीं था। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चला बुलडोजर

संयुक्त अभियान का नेतृत्व एडीएम सिटी विकास कश्यप और एसडीएम लोनी दीपक सिंगनवाल ने किया। अभियान के दौरान यूपीसीडा की परियोजना अधिकारी शर्मिला पटेल, सीनियर मैनेजर एन.के. जैन, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम सहित राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और यूपीसीडा के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर से पूरे अवैध निर्माण को हटाया गया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रहे कड़े सुरक्षा इंतजाम

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

अधिकारियों ने क्या कहा

एडीएम सिटी विकास कश्यप ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम लोनी दीपक सिंगनवाल ने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी राजस्व अभिलेखों और संबंधित विभागों की रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।

यूपीसीडा की परियोजना अधिकारी शर्मिला पटेल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की भूमि उद्योगों और विकास कार्यों के लिए आरक्षित हैं। ऐसी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रही। वहीं एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से किए गए थे, जिससे कार्रवाई बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया हैं कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की हैं कि वे सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण न करें। यदि कहीं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की सूचना मिलती हैं तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें