₹40,000 करोड़ के आयातित पीसीबी का निर्माण अब भारत में, जेवर बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

जेवर/गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के जेवर स्थित यमुना सिटी में लगभग ₹6,750 करोड़ की लागत वाली दो प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अब लगभग ₹40,000 करोड़ मूल्य के आयातित प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) का निर्माण देश में ही करेगा और इसकी शुरुआत जेवर से होगी। उन्होंने कहा कि पीसीबी आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की रीढ़ है और इसके स्वदेशी निर्माण से ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर के बाद अब जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का भी प्रमुख केंद्र बनने जा रहा हैं। आने वाले वर्षों में यहां नई-नई इलेक्ट्रॉनिक्स परियोजनाएं स्थापित होंगी, जिससे उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित होगा। केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली से लखनऊ की यात्रा लगभग 2 घंटे 10 मिनट तथा जेवर से लखनऊ की यात्रा मात्र 1 घंटा 40 मिनट में पूरी हो सकेगी। इससे औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में स्थापित होने वाली पहली औद्योगिक इकाई की भी आधारशिला रखी। लगभग 206 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस क्लस्टर पर ₹417 करोड़ की लागत आएगी, जिसमें केंद्र सरकार का ₹144 करोड़ का योगदान होगा। केंद्र सरकार के भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत जून 2026 तक लगभग ₹1.64 लाख करोड़ के निवेश वाली 12 सेमीकंडक्टर विनिर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी हैं। इनमें एक सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट, दो कंपाउंड सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट तथा नौ सेमीकंडक्टर पैकेजिंग यूनिट शामिल हैं।

सरकार की ‘डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव (DLI)’ योजना के माध्यम से अब तक 24 डिजाइन परियोजनाओं को सहायता, 105 कंपनियों को उन्नत ईडीए टूल्स तक पहुंच तथा 23 सफल चिप टेप-आउट पूरे किए जा चुके हैं। वहीं, केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित भारत सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के जरिए उपकरण, सामग्री, स्वदेशी तकनीक और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित कर भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने का लक्ष्य रखा गया हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें