![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। थाना लिंक रोड पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दो चार पहिया गाड़ियां बरामद की हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी हैं। पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को सूर्यनगर निवासी श्यामबीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मारुति स्विफ्ट कार (DL-12-CS-7174) रामपुरी स्थित घर के बाहर से चोरी हो गई थी। मामले में थाना लिंक रोड पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 17 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मेरठ निवासी कमरयाब और गाज़ियाबाद निवासी सहदेव के रूप में हुई हैं। वहीं, उनका साथी कासिम मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक मारुति स्विफ्ट और एक मारुति अर्टिगा कार बरामद की। जांच में पता चला कि स्विफ्ट कार गाज़ियाबाद के रामपुरी क्षेत्र से तथा अर्टिगा कार दिल्ली के यमुना विहार इलाके से चोरी की गई थी। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते वे वाहन चोरी करते थे तथा चोरी की गाड़ियों को गिरोह के अन्य सदस्यों के माध्यम से बेच देते थे। पुलिस जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों नूर कमर उर्फ लंगड़ा (सहारनपुर) और हसीन (मेरठ) के नाम भी सामने आए हैं। दोनों आरोपियों को चोरी के वाहन बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कमरयाब के खिलाफ दिल्ली, मेरठ और गाज़ियाबाद में वाहन चोरी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सहदेव के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल, पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया हैं तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








