ZFD और कांवड़ यात्रा को लेकर गाज़ियाबाद में समन्वय बैठक, सड़क सुरक्षा व यातायात सुधार पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद ने महत्वपूर्ण कदम उठाया हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 12 जून 2026 को पुलिस लाइन में पुलिस उपायुक्त यातायात की अध्यक्षता में समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सभी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, यातायात निरीक्षक, रूट मार्शल, ZFD (Zero Fatality District) के सीसीटी प्रभारी, गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA), नगर निगम गाज़ियाबाद तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने भाग लिया। गोष्ठी में Zero Fatality District (ZFD) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, Reducing Traffic Congestion (RTC) योजना तथा आगामी कांवड़ यात्रा के लिए यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार से जुड़े लंबित कार्यों की जानकारी दी। बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले कांवड़ मार्गों पर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करा लिए जाएं। इनमें सड़क के बीच बने अवैध कट बंद कराना, गड्ढों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त यू-टर्न की मरम्मत, नालों की सफाई, खुले नालों की बैरिकेडिंग, टूटी इंटरलॉकिंग टाइलों को ठीक कराना, ट्रैफिक सिग्नल प्वाइंट्स पर जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन का थर्मोप्लास्ट कार्य, डिवाइडर ऊंचे कराना, टूटी रेलिंगों की मरम्मत तथा आवश्यक साइन बोर्ड लगवाना शामिल हैं। इसके अलावा डीएमई एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर रंबल स्ट्रिप लगाने और परिवर्तन स्कूल के पास ब्लिंकिंग लाइट एवं स्पीड ब्रेकर बनाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले संबंधित कार्यदायी संस्था यातायात विभाग से एनओसी प्राप्त करेगी, ताकि आम जनता को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए समय रहते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जा सके। यातायात पुलिस ने निर्माण कार्यों के दौरान दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति से बचाव के लिए पर्याप्त साइन बोर्ड, मार्शल, रिफ्लेक्टिव बैरियर और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने का आश्वासन दिया। कांवड़ यात्रा और सड़क सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद पुलिस एवं संबंधित विभागों की यह संयुक्त पहल जिले में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

यातायात पुलिस X (ट्विटर) हैंडल: @Gzbtrafficpol
यातायात पुलिस कंट्रोल रूम: 9643322904

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें