गाज़ियाबाद में आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा जनपद गाजियाबाद में 08, 09 एवं 10 जून 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नकलविहीन वातावरण में किया गया। जनपद गाज़ियाबाद में तीन दिनों तक चली इस भर्ती परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया गया। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 25 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जहां प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रत्येक केन्द्र पर केन्द्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी तथा अन्य आवश्यक कार्मिकों की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन, सघन तलाशी एवं प्रवेश प्रक्रिया बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सम्पन्न कराई गई। परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों पर लगातार निगरानी रखी गई तथा भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा अवधि में किसी भी केन्द्र से नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या कानून-व्यवस्था संबंधी कोई शिकायत सामने नहीं आई। परीक्षा में प्रत्येक पाली में 11,064 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। छह पालियों में कुल 66,384 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 45,188 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 21,196 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का सम्पूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों, सतर्कता एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यप्रणाली के कारण परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें