![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा थानों के मालखानों में लंबे समय से रखे मादक पदार्थों के निस्तारण हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 16,378.079 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 20 करोड़ 61 लाख 10 हजार 600 रुपये आंकी गई हैं।
![]()
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 1 मार्च 2026 से संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत कमिश्नरेट गाजियाबाद के सभी थानों में दर्ज 63 अभियोगों से संबंधित चरस, गांजा, डोडा, हेरोइन, स्मैक, अफीम, नशीला पाउडर, नशीली गोलियां तथा कोडीन युक्त कफ सिरप जैसे मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। पुलिस आयुक्त गाजियाबाद द्वारा गठित उच्च स्तरीय एवं जोन स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटियों की निगरानी में 9 एवं 10 जून 2026 को न्यायालय, विभागीय अधिकारियों तथा संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं एनओसी प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान थाना नंदग्राम के मालखाने में जमा 15,735 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। वहीं 4.206 किलोग्राम अफीम को औषधि निर्माण में उपयोग हेतु सरकारी अफीम एवं क्षारोद कारखाना, गाजीपुर भेजा जा रहा हैं।
![]()
संपूर्ण निस्तारण प्रक्रिया एम/एस विजय गुप्ता, एमएस एनवायरन वेस्ट कनेक्शन एलएलपी, धौलाना (हापुड़) स्थित अधिकृत बायोमेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से थानों के मालखानों में लंबे समय से जमा मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण हुआ हैं, जिससे थाना परिसरों की साफ-सफाई और व्यवस्थापन में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









