राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने किया डासना जेल का निरीक्षण, सुधारात्मक कार्यों की सराहना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने जनपद आगमन के दौरान डासना जिला कारागार का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं, बंदियों के लिए संचालित सुधारात्मक कार्यक्रमों तथा कौशल विकास गतिविधियों का अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने जेल प्रशासन और जेल अधीक्षक/निरीक्षक सीताराम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज की मुख्यधारा से पुनः जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

उन्होंने बंदियों की शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि जेल में बंदियों को शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ हस्तशिल्प एवं विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा हैं, जिससे रिहाई के बाद उन्हें सम्मानजनक रोजगार और जीवनयापन के अवसर मिल सकेंगे। महिला बंदियों के लिए संचालित सिलाई, कढ़ाई, बुनाई और अन्य स्वरोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने जेल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, हरित वातावरण, पार्कों के सौंदर्यीकरण, पुस्तकालय और बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण बंदियों के मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की लाइब्रेरी का भी भ्रमण किया और वहां उपलब्ध पुस्तकों तथा अध्ययन सुविधाओं की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पुस्तकें व्यक्ति के विचारों और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम होती हैं तथा बंदियों को अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करना एक सकारात्मक पहल हैं। अंत में उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के पुनर्वास, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयास जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें