Search
Close this search box.

श्रीजी कामधेनु डेयरी में काम करने वाले युवक की हत्या का खुलासा, सहकर्मी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। थाना टीला मोड़ पुलिस टीम ने ग्राम रिस्तल स्थित श्रीजी कामधेनु डेयरी में काम करने वाले युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी और खून से सनी ऊनी जर्सी टी-शर्ट भी बरामद की हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 फरवरी 2026 को वादी वीरवल पुत्र गंगाधर निवासी शिव विहार, करावल नगर दिल्ली द्वारा थाना टीला मोड़ पर लिखित सूचना दी गई कि उनके भाई सुनील की ग्राम रिस्तल में अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुल्हाड़ी से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई हैं। मृतक सुनील बीते लगभग छह माह से सत्यप्रकाश कसाना की श्रीजी कामधेनु डेयरी में कार्यरत था। सूचना के आधार पर थाना टीला मोड़ पर धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान डेयरी संचालक एवं गांव के अन्य लोगों से पूछताछ तथा संकलित साक्ष्यों के आधार पर डेयरी में ही कार्यरत दूसरे नौकर दुखराज उर्फ हीरा उर्फ अर्जुन का नाम प्रकाश में आया।

पूछताछ में हत्या की वजह आई सामने

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह वर्ष 2017 से उक्त डेयरी में काम कर रहा था और पिछले 5–6 महीनों से मृतक सुनील उर्फ मामा भी वहीं कार्यरत था। करीब एक माह पूर्व अभियुक्त का मोबाइल फोन खो गया था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दूध की कैन धोने और गोबर इकट्ठा करने को लेकर भी कई बार झगड़ा हुआ। दरअसल, 4 फरवरी की रात सुनील दावत खाकर वापस आया और सो गया। इसी दौरान अभियुक्त ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से सोते हुए सुनील के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और बाद में खून से सनी टी-शर्ट उतारकर अपने कमरे में रख दी।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 5 फरवरी 2026 को थाना टीला मोड़ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रिस्तल स्थित श्रीजी कामधेनु डेयरी में अभियुक्त के कमरे से दुखराज उर्फ हीरा उर्फ अर्जुन पुत्र बजरंगी, निवासी ग्राम गौरवा, पोस्ट तीता, तहसील लालगंज, थाना हलिया, जनपद मिर्जापुर (उम्र करीब 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या के समय पहनी गई खून लगी ऊनी जर्सी टी-शर्ट तथा घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी बरामद की गई।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!