
भारी वाहनों के आवागमन पर समयबद्ध प्रतिबंध को लेकर बनी सहमति
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त गाज़ियाबाद के निर्देशों के क्रम में तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था/यातायात) एवं पुलिस उपायुक्त यातायात के कुशल पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता, सुधारात्मक एवं प्रवर्तनात्मक कार्यवाही की जा रही हैं। इसी क्रम में गाज़ियाबाद की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में यातायात पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारियों के साथ यातायात से जुड़े अहम विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विशेष रूप से राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन तथा साजन मोड़ से चौधरी मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन गाज़ियाबाद तक भारी व्यावसायिक वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किए जाने के संबंध में सुझाव प्राप्त किए गए। गोष्ठी के दौरान ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे, जिन पर गंभीरता से विचार करते हुए यातायात पुलिस द्वारा आमजन के हित में आवश्यक एवं व्यवहारिक कदम उठाए जाने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान सभी ट्रांसपोर्ट यूनियन पदाधिकारियों द्वारा नागद्वार से राजनगर रेजीडेंसी यू-टर्न के मध्य प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई। इसके साथ ही लोहा मंडी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर वाहनों को खड़ा न करने के संबंध में भी ट्रांसपोर्ट यूनियन द्वारा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध को लेकर शीघ्र ही अलग से आदेश जारी कर प्रेस नोट प्रकाशित किया जाएगा। वहीं, साजन मोड़ से चौधरी मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन गाज़ियाबाद तक भारी वाहनों के आवागमन के विषय में रेलवे अधिकारियों से वार्ता कर विभिन्न विकल्पों पर चर्चा के बाद अग्रिम निर्णय पृथक रूप से लिया जाएगा। इस गोष्ठी में पुलिस उपायुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) प्रथम, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) तृतीय, समस्त यातायात निरीक्षकगण एवं ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। यातायात पुलिस गाज़ियाबाद शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं अतिक्रमण-मुक्त बनाए रखने हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









