Search
Close this search box.

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर में आयोजित हुई ‘पुलिस की पाठशाला’, मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत रितेश त्रिपाठी, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर द्वारा मिशन शक्ति टीम थाना विजयनगर के साथ थाना क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों एवं मिशन शक्ति अभियान के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त रितेश त्रिपाठी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी देते हुए उन्हें बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस उनकी मदद के लिए सदैव तत्पर हैं। उन्होंने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 1930 एवं 1098 के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समझाया कि किस परिस्थिति में कौन-सा हेल्पलाइन नंबर उपयोग में लाया जाए। साथ ही पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्राओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, सतर्क रहने तथा समाज में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक व्यवहारिक सुझाव दिए गए। इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और पुलिस अधिकारियों से संवाद स्थापित किया, जिससे उन्हें अपनी समस्याओं व शंकाओं को साझा करने का अवसर मिला। दरअसल, कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सशक्त बनाना और उनमें यह विश्वास पैदा करना था कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए साथ खड़ी है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ एवं मिशन शक्ति टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!