


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स, गाज़ियाबाद में भव्य परेड समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा रहे। मुख्य अतिथि सुनील कुमार शर्मा ने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने केसरिया, सफेद एवं हरे रंग के गुब्बारे छोड़कर देशभक्ति, शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। परेड के दौरान विभिन्न पुलिस एवं सुरक्षा इकाइयों द्वारा शौर्य, अनुशासन और आधुनिक तकनीकी क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन किया गया। परेड में मोटर साइकिल दस्ता, यूपी-112, पिंक बूथ, स्वान दल, फील्ड यूनिट, साइबर थाना, रेडियो शाखा, फायर सर्विस, वज्र वाहन तथा वाटर कैनन के मोबाइल दस्तों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों में देशभक्ति का उत्साह और गर्व स्पष्ट रूप से देखने को मिला। समारोह ने न केवल पुलिस बल की तैयारियों और क्षमताओं को प्रदर्शित किया, बल्कि संविधान के मूल्यों-न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व-के प्रति प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से दर्शाया।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









