
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में आज सुबह एक सनसनीखेज पुलिस मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और एक पीली धातु की चैन बरामद की हैं। दरअसल, घटना वैशाली सेक्टर 5/6 की पुलिया के पास नहर किनारे बने सर्विस रोड की हैं, जहां इंदिरापुरम पुलिस टीम लूटपाट और स्नेचिंग की घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे तेजी से भागने लगे। जल्दबाजी में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, पकड़े जाने के डर से एक आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली चलाने वाले बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों – विशाल पुत्र दयाचंद और विशाल वर्मा पुत्र राजकुमार – को गिरफ्तार कर लिया हैं। दोनों आरोपी साहिबाबाद थाना क्षेत्र के निवासी हैं और पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रह चुके हैं।
एसीपी के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पीली धातु की चैन और चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे गाज़ियाबाद और नोएडा क्षेत्र में स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते हैं और छीनी गई चैनों को दिल्ली में बेच देते हैं। बरामद चैन को दो दिन पहले वसुंधरा इलाके में एक महिला के गले से छीना गया था। दोनों आरोपी उक्त घटना को अंजाम देने के बाद पुनः स्नेचिंग की वारदात के इरादे से निकले थे।
पुलिस के अनुसार, विशाल पुत्र दयाचंद के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट आदि शामिल हैं। वहीं, विशाल वर्मा के विरुद्ध भी चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया हैं और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India









