![]()
चोरी की स्कूटी, आईफोन और अवैध तमंचा बरामद; आरोपी पर गाज़ियाबाद के विभिन्न थानों में दर्ज हैं 16 मुकदमे
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना शालीमार गार्डन पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान 25 हज़ार रुपये के इनामी अभियुक्त अमजद को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की एक स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया हैं।
पुलिस को देखकर भागने लगा स्कूटी सवार
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 अक्टूबर 2026 की रात डीएलएफ चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ भगत सिंह चौक पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रैन बसेरा विक्रम एन्क्लेव की तरफ से डीएलएफ क्षेत्र में एक स्कूटी सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर स्कूटी सवार वापस मुड़कर भागने लगा। भागते समय कब्रिस्तान के मोड़ पर उसकी स्कूटी गिर गई, जिसके बाद वह स्कूटी छोड़कर कब्रिस्तान के अंदर वाली गली की तरफ भागने लगा।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पीछा कर रही टीम को अपने करीब आता देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे कब्रिस्तान के अंदर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पकड़े गए घायल आरोपी की पहचान अमजद पुत्र चांद मोहम्मद, निवासी 20 फुटा रोड, प्रेम नगर, आयशा मस्जिद के पास, थाना लोनी, गाज़ियाबाद, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई हैं।
दिल्ली से चोरी की स्कूटी और आईफोन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस-खोखा, एक स्कूटी संख्या DL-11PJ 8708 और एक आईफोन बरामद किया हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्कूटी को जिपनेट पर चेक करने पर उसके दिल्ली के थाना वजीराबाद क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी मिली।
आरोपी पर 16 मुकदमे दर्ज, 25 हज़ार रुपये का था इनाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अमजद के खिलाफ गाज़ियाबाद के विभिन्न थानों में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दें दी गई हैं और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India