||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। जिला प्रशासन गाज़ियाबाद के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समृद्ध और विकसित गाज़ियाबाद की तस्वीर को रंगोली के माध्यम से बेहद खूबसूरत अंदाज में प्रदर्शित किया गया हैं। राजनगर स्थित गोद मॉल के बराबर गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की पार्किंग में बनाई गई करीब 75 फीट लंबी भव्य रंगोली इन दिनों राहगीरों और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इस रंगोली में गाज़ियाबाद की प्रमुख विशेषताओं के साथ-साथ केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों को कलात्मक रूप से दर्शाया गया हैं। रंगोली को देखने के लिए वहां से गुजरने वाले लोग भी रुककर इसकी सुंदरता को निहार रहे हैं।
सीडीओ कुमार सौरभ ने किया रंगोली का उद्घाटन
भव्य रंगोली का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिया तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रंगोली की भव्यता और उसमें प्रदर्शित की गई विकास योजनाओं की सराहना करते हुए इसे जनजागरूकता और शहर की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम बताया।
प्राकृतिक रंगों और फूल-पत्तियों से तैयार हुई आकर्षक रंगोली
करीब दो दिनों की मेहनत के बाद तैयार की गई इस रंगोली को फूल-पत्तियों और प्राकृतिक रंगों से सजाया गया हैं। रंगोली के मध्य में राष्ट्रीय ध्वज का अशोक चक्र बनाया गया हैं, जबकि इसके आसपास गाज़ियाबाद की पहचान से जुड़े प्रमुख स्थलों और विकास की तस्वीरों को कलात्मक ढंग से उकेरा गया हैं। रंगोली में रैपिड रेल, हवाई अड्डा, घंटाघर और प्रसिद्ध दूधेश्वर नाथ मंदिर को बेहद आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया हैं। इससे गाज़ियाबाद के आधुनिक विकास, धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और बदलते स्वरूप की झलक एक ही स्थान पर देखने को मिल रही हैं।
सरकारी विभागों के लोगो भी बनाए गए
रंगोली के चारों ओर उत्तर प्रदेश सरकार, गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा गाज़ियाबाद नगर निगम के लोगो को भी खूबसूरती के साथ सजाया गया हैं। इसके माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की भूमिका और शहर के विकास में उनके योगदान को भी दर्शाया गया हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं को रंगों के माध्यम से किया प्रदर्शित
रंगोली की दोनों ओर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं को रंगों के माध्यम से उकेरा गया हैं। इनमें निपुण भारत अभियान, समग्र शिक्षा, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), मिशन शक्ति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), बाल विकास एवं पुष्टाहार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जल संरक्षण, कृषि एवं पशुधन तथा डिजिटल इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं का चित्रण किया गया हैं। इस पहल के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके उद्देश्यों की जानकारी देने के साथ-साथ गाज़ियाबाद के विकास की उपलब्धियों से भी परिचित कराने का प्रयास किया गया हैं।
विभिन्न विभागों और शिक्षिकाओं का रहा सहयोग
इस विशाल रंगोली को तैयार कराने में बेसिक शिक्षा विभाग की एसआरजी पूनम शर्मा द्वारा समन्वय स्थापित किया गया। रंगोली निर्माण में सुशीला गर्ल्स इंटर कॉलेज, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, नींव शक्ति संस्था, एनआरएलएम तथा बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। रंगोली निर्माण में गांधी स्मारक इंटर कॉलेज से गिरीश चंद्र, सुशीला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनुपम भारद्वाज, अंजू शर्मा, गुरु नानक से पूनम तथा बेसिक शिक्षा विभाग से रेनू चौहान, अंशु सिंह, नीतू सिंह, मीनू शर्मा, सोनिया, निधि जैन और गीता सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका रही।
राहगीरों के लिए बनी आकर्षण का केंद्र
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तैयार की गई यह रंगोली न सिर्फ सरकारी योजनाओं और गाज़ियाबाद के विकास को दर्शा रही हैं, बल्कि शहर की कला, संस्कृति और रचनात्मकता का भी शानदार उदाहरण पेश कर रही हैं। 75 फीट लंबी इस रंगोली की भव्यता राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं और लोग इसे देखकर गाज़ियाबाद के विकास की तस्वीर से रूबरू हो रहे हैं। जिला प्रशासन की इस पहल के माध्यम से ‘समृद्ध गाज़ियाबाद’ की परिकल्पना, सरकारी योजनाओं और शहर की प्रमुख पहचान को कला के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India
