||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने लोनी क्षेत्र में घटिया स्तर की काली मिर्च को गोंद, मैदा और रिफाइन्ड सोयाबीन तेल की मदद से अच्छी गुणवत्ता की दिखने वाली काली मिर्च में तैयार करने वाले कथित कारखाने का खुलासा किया हैं। संयुक्त टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में कच्चा माल और तैयार माल बरामद कर जब्त किया हैं।
केहर फार्म हाउस में चल रहा था कारोबार
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई केहर फार्म हाउस, सेवाधाम, बेहटा, हाजीपुर, थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में की गई। यहां कारोबारी लोकेश गुप्ता, निवासी बुद्ध विहार, दिल्ली द्वारा घटिया स्तर की काली मिर्च को विभिन्न पदार्थों की मदद से तैयार कर चमकदार एवं अच्छी गुणवत्ता वाली काली मिर्च जैसा बनाया जा रहा था।
गोंद और मैदा से तैयार किए जा रहे थे बड़े दाने
जांच के दौरान सामने आया कि छोटे दानों वाली कच्ची काली मिर्च को मैदा और गोंद की मदद से बड़े आकार का रूप दिया जाता था। इसके बाद तैयार दानों की चमक बढ़ाने के लिए रिफाइन्ड सोयाबीन तेल का इस्तेमाल किया जाता था। इस प्रक्रिया के बाद तैयार काली मिर्च देखने में उच्च गुणवत्ता वाली प्रतीत होती थी।
मौके से भारी मात्रा में सामग्री बरामद
संयुक्त टीम ने मौके से निम्न सामग्री बरामद कर जब्त की— • मैदा – 3,000 किलोग्राम • गोंद – 900 किलोग्राम• काली मिर्च (कच्चा माल, छोटे दाने) – 1,200 किलोग्राम
• काली मिर्च (तैयार माल, बड़े चमकदार दाने) – 975 किलोग्राम • रिफाइन्ड सोयाबीन तेल – 37 टिन, प्रत्येक टिन में 15 किलोग्राम तेल। जब्त की गई सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य करीब 13 लाख 34 हजार रुपये बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए नमूने
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने लिए जाने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया की गई। मामले में बरामद सामग्री, उसके निर्माण की प्रक्रिया और संबंधित कारोबारी की भूमिका की जांच की जा रही हैं। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार करने वालों में हड़कंप की स्थिति हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India