सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आपत्तिजनक भाषा और टांग तोड़ने की धमकी का आरोप, लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; दोनों पक्षों की बयानबाजी के बीच पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर रख रही नजर
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। लोनी क्षेत्र में भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित धमकी भरी रील के बाद विवाद गहरा गया हैं। मामले में विधायक समर्थक ललित की शिकायत पर लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हाजी सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया हैं कि वायरल वीडियो में विधायक के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए टांग तोड़ने और नुकसान पहुंचाने जैसी धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक, कथित वीडियो को इंस्टाग्राम के पेज समेत अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से प्रसारित किया गया। रील सामने आने के बाद विधायक समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। शिकायतकर्ता का आरोप हैं कि वीडियो में विधायक के खिलाफ व्यक्तिगत और निराधार बातें कही गईं तथा ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो सकता हैं।
साम्प्रदायिक मुद्दों को लेकर भड़काऊ भाषा के इस्तेमाल का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया हैं कि वायरल वीडियो में हिंदू-मुस्लिम और अन्य साम्प्रदायिक मुद्दों को लेकर ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिनसे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया हैं कि आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट से पूर्व में भी विवादित सामग्री प्रसारित की जाती रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई हैं। पुलिस वायरल वीडियो, उसके मूल स्रोत, सोशल मीडिया अकाउंट और उसमें इस्तेमाल की गई भाषा की जांच कर रही हैं।
विधायक के पूर्व बयानों को लेकर भी उठ रहे सवाल
मामले के बीच सोशल मीडिया पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर के पूर्व में दिए गए कथित बयानों को लेकर भी बहस तेज हो गई हैं। विरोध करने वाले पक्ष का आरोप हैं कि विधायक द्वारा कई मौकों पर मुस्लिम समुदाय को लेकर आपत्तिजनक एवं विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया हैं। इसके अलावा उनके समर्थकों और कुछ हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों की कथित बयानबाजी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में हाजी सलमान द्वारा कथित तौर पर विधायक के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने और टांग तोड़कर चूरा करने जैसी बात कहे जाने का आरोप हैं। इस कथित बयान के बाद हिंदू समुदाय के लोगों में भी नाराजगी की बात सामने आई हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ी बयानबाजी, पुलिस की निगरानी
FIR के बाद मामला केवल एक वायरल रील तक सीमित नहीं रहा हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस यह भी मॉनिटर कर रही हैं कि सोशल मीडिया के माध्यम से कौन लोग आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना हैं कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विदेश से मिली कथित धमकियों से संबंध का भी आरोप
शिकायत में हाजी सलमान पर विधायक को पूर्व में विदेश से मिली कथित धमकियों से संबंध होने का भी आरोप लगाया गया हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया हैं कि विधायक की लोकेशन से संबंधित जानकारी विदेश में बैठे लोगों तक पहुंचाई गई थी। पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की हैं। इन तथ्यों की सत्यता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।
जमीन कब्जे और अन्य मामलों के भी आरोप
शिकायतकर्ता ने हाजी सलमान पर कई मुकदमे दर्ज होने का भी आरोप लगाया हैं। इसके अलावा कब्रिस्तान की जमीन पर कथित कब्जा कर निर्माण कराने तथा लोनी क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं से संबंध होने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। फिलहाल, इन्हें शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा हैं।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
मामले में लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। अब पुलिस वायरल रील की सत्यता, उसके मूल स्रोत, सोशल मीडिया अकाउंट से उसके प्रसारण और वीडियो में कही गई बातों की जांच कर रही हैं। साथ ही कथित धमकी तथा शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों से संबंधित साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप कुमार मौर्य ने बताया कि दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में कही गई बातें किस संदर्भ में कही गईं, वीडियो को किसने तैयार अथवा प्रसारित किया और लगाए गए अन्य आरोपों में कितनी सत्यता हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







