||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, प्रेमनगर, लोनी के विद्यालय भवन की खराब स्थिति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ ने गंभीर नाराजगी जताई हैं। शनिवार को विद्यालय के निरीक्षण के दौरान भवन की फर्श कई स्थानों पर धंसी मिली, जबकि दीवारों में दरारें और जगह-जगह सीलन की समस्या भी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण संस्था को 7 सितंबर 2026 को पूरी पत्रावली और आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्राओं की सुविधाओं और पठन-पाठन व्यवस्था का लिया जायजा
मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, प्रेमनगर, लोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी लोनी और नगर पालिका परिषद लोनी की टीम भी मौजूद रही। सीडीओ ने विद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, कक्ष-कक्षों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षिक वातावरण की जानकारी भी ली।
फर्श धंसी, दीवारों में दरार और सीलन मिली
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। भवन की फर्श कई स्थानों पर धंसी हुई मिली। वहीं, कुछ हिस्सों में दीवारों में दरारें दिखाई दीं और भवन में जगह-जगह सीलन की समस्या भी सामने आई। अधिकारियों को बताया गया कि विद्यालय भवन का निर्माण अल्पसंख्यक विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (C&DS) के माध्यम से कराया गया था। भवन को वर्ष 2019 में माध्यमिक शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया गया था।
कम समय में भवन की खराब हालत पर गंभीर सवाल
भवन निर्माण और हस्तांतरण के अपेक्षाकृत कम समय बाद ही इस तरह की खामियां सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी ने गंभीरता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित संस्था को 7 सितंबर को पूर्ण पत्रावली एवं निर्माण से जुड़े आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं, ताकि भवन की वर्तमान स्थिति और निर्माण से संबंधित तथ्यों की विस्तृत समीक्षा की जा सके।
मरम्मत के लिए नगर पालिका तैयार करेगी एस्टीमेट
विद्यालय भवन में आवश्यक सुधार और मरम्मत कार्य के लिए नगर पालिका परिषद लोनी को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त एवं खराब भवन के संबंध में आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया हैं। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।
प्रोजेक्ट अलंकार के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण
निरीक्षण के अगले चरण में मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत UPPCL संस्था द्वारा निर्माणाधीन दो कक्षा-कक्षों और दो प्रयोगशालाओं का भी जायजा लिया। प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। वहीं, मौके पर मौजूद UPPCL के सहायक अभियंता को निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने और कार्य को तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यालय परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







