||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के कनौजा गांव में ‘भाई’ कहकर संबोधित न करने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई मारपीट और खूनी संघर्ष के मामले में थाना मुरादनगर पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना मुरादनगर पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित तीन अभियुक्तों को मुरादनगर क्षेत्र में गंगनहर पटरी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस, सोएब और सोनू उर्फ कार्तिक शर्मा के रूप में हुई हैं।
‘भाई’ न कहने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 को शाम करीब 4:30 बजे कनौजा गांव में रिंकू उर्फ रिशांत शर्मा और गांव के ही सोनू उर्फ कार्तिक शर्मा के बीच ‘भाई’ न कहने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप हैं कि इसके बाद सोनू ने अपने चचेरे भाई मोहित और अन्य साथियों के साथ मिलकर रिंकू के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर रिंकू के चाचा देवेंद्र शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों द्वारा तलवार समेत अन्य हथियारों से हमला किए जाने का आरोप हैं। आरोप हैं कि हमलावरों ने परिवार के लोगों के घरों में घुसकर भी मारपीट का प्रयास किया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना में मनीष कुमार, अंकित शर्मा, सचिन शर्मा और रिंकू उर्फ रिशांत शर्मा के घायल होने की जानकारी पुलिस ने दी हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को उपचार के लिए मोदीनगर स्थित जीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मुरादनगर में बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 109(1), 115(2), 351(3) और 333 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में क्या सामने आया?
एसीपी मसूरी सुनील कुमार के अनुसार, पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त प्रिंस ने बताया कि उसके बड़े भाई मोहित का रिंकू और अंकित के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद वह भी मौके पर पहुंचा। उसके पिता जीतू उर्फ जितेंद्र सहित अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, प्रिंस ने पूछताछ में बताया कि उसके भाई मोहित को चोट लगी थी, जिसे देखकर वे लोग उत्तेजित हो गए। आरोप हैं कि इसके बाद मोहित और उसके पिता जीतू उर्फ जितेंद्र ने तलवार से तथा अन्य साथियों ने डंडा, लोहे की रॉड और फावड़े से देवेंद्र शर्मा, अंकित शर्मा, रिंकू शर्मा और मनीष शर्मा पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रिंस ने यह भी बताया कि देवेंद्र शर्मा को तलवार से चोट लगी थी, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
फावड़ा और ईंट-पत्थर बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे फावड़े तथा ईंट-पत्थर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये सामान घटनास्थल के पास स्थित शेर मोहम्मद उर्फ पेले के घर से बरामद किया गया।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में फिलहाल एक अभियोग थाना मुरादनगर पर पंजीकृत हैं। गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही हैं। मामले में नामजद एवं अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







