
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। हाल ही में संपन्न हुई कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 25 ट्रैफिक वॉलंटियर फोर्स (TVF) स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाज़ियाबाद जे. रविंदर गौड़ के निर्देशों के क्रम में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में यातायात पुलिस गाज़ियाबाद द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने की। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात प्रथम), सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात द्वितीय) एवं निरीक्षक यातायात सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
216 TVF स्वयंसेवकों ने संभाली थी जिम्मेदारी
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ट्रैफिक वॉलंटियर फोर्स (TVF) के कुल 216 स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई थी। इन स्वयंसेवकों ने यात्रा के दौरान दिन-रात मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई। प्रतिकूल परिस्थितियों और लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद स्वयंसेवकों ने अनुशासन, मेहनत और सेवा भावना का परिचय दिया। उन्होंने यातायात पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 25 स्वयंसेवकों का चयन
कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी के प्रति अनुकरणीय निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 25 सर्वश्रेष्ठ TVF स्वयंसेवकों का चयन किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) एवं अन्य अधिकारियों ने चयनित सभी 25 स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र (Certificate of Appreciation) प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके समर्पण और सामाजिक सहभागिता की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों ने की TVF स्वयंसेवकों की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात), अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात प्रथम) एवं सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात द्वितीय) ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल और संवेदनशील आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में TVF स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। अधिकारियों ने कहा कि इन स्वयंसेवकों का निस्वार्थ योगदान पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उनके जज्बे, अनुशासन और सेवा भावना ने यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
भविष्य में भी सामाजिक सहभागिता के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी TVF स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया और उन्हें भविष्य में भी सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यों तथा यातायात सुधार अभियानों में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रेरित किया। यातायात पुलिस ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच सहयोग एवं समन्वय से ही शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सकता हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India







