![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों और शिविरों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी द्वारा लोनी बॉर्डर क्षेत्र में स्थित विभिन्न कांवड़ शिविरों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने कांवड़ शिविरों में पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, श्रद्धालुओं के ठहरने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर आयोजकों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, मौके पर एसीपी अंकुर विहार एवं थाना प्रभारी लोनी बॉर्डर सहित स्थानीय पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने शिविरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कांवड़ियों के सुगम आवागमन को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
![]()
शिविर आयोजकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने कांवड़ शिविर आयोजकों को निर्देशित किया कि शिविरों में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। शिविर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी जाए।
![]()
पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान DCP ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात एवं आवागमन व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा जाए।
![]()
कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन पर विशेष जोर
कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए लगातार कांवड़ मार्गों, शिविरों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आवश्यक सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








