
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर, थाना प्रभारी मोदीनगर एवं पुलिस बल के साथ थाना मोदीनगर क्षेत्रांतर्गत कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
![]()
इस दौरान पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने संभ्रांत व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों एवं कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका हार्दिक स्वागत किया। पुष्प वर्षा के दौरान शिवभक्तों में भी उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।
![]()
वहीं, शिवभक्तों एवं कांवड़ियों द्वारा पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी को तुलसी का पौधा भेंट किया गया। इस अवसर पर आपसी सद्भाव, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। कमिश्नरेट गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर लगातार किए जा रहे निरीक्षणों और व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना तथा यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








