![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी ने अपने कार्यालय पर थाना वेवसिटी एवं थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक की मिशन शक्ति केंद्र टीमों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान मिशन शक्ति टीमों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा एवं आकलन किया गया। अधिकारियों ने टीमों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करते हुए उन्हें आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान महिला सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सहायता तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सहायक पुलिस आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु एवं परिवारजन यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में मिशन शक्ति टीमों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने टीमों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत अथवा सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए महिला सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मिशन शक्ति टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं, सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल अवगत कराएं।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी इकाइयों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूर्ण कर सके।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








