![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हैं। इसी क्रम में बीती रात को पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने थाना साहिबाबाद क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्क निगरानी रखी जाए, साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
![]()
डीसीपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








