कांवड़ यात्रा-2026: मेरठ तिराहा पर ड्यूटी में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को वितरित किए गए रेनकोट, छाते, पेयजल व बैटन लाइट

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद लगातार तैयारियों में जुटा हुआ हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात एवं सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम द्वारा मेरठ तिराहा पर यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए जनसहयोग से आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को रेनकोट, छाते एवं पेयजल कैम्पर उपलब्ध कराए गए, ताकि प्रतिकूल मौसम में भी वे पूरी दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। इसके अतिरिक्त रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान यातायात नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों को बैटन लाइट भी वितरित की गई।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए उन्हें निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी पूर्ण मनोयोग, सतर्कता एवं कर्मठता के साथ अपनी ड्यूटी निभाए। श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखें, उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखें तथा सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। बेहतर संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अधिक प्रभावी ढंग से अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें