कन्या वैदिक इंटर कॉलेज की छात्राओं ने किया कोतवाली नगर थाने का शैक्षिक भ्रमण, एसीपी उपासना पाण्डेय ने कराया पुलिस कार्यप्रणाली से परिचय

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा छात्र-छात्राओं को पुलिस व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय के नेतृत्व में कन्या वैदिक इंटर कॉलेज की छात्राओं को थाना कोतवाली नगर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, पुलिस की विभिन्न शाखाओं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं ने थाना परिसर का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था को नजदीक से देखा और विभिन्न व्यवस्थाओं को समझा।

इस अवसर पर एसीपी उपासना पाण्डेय ने छात्राओं को मिशन शक्ति केन्द्र, ऑपरेशन प्रहार तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक हैं। छात्राओं को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों, आपातकालीन सहायता सेवाओं तथा पुलिस हेल्पलाइन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, साइबर अपराधियों के झांसे में न आने तथा समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर भी दिए, जिससे उन्हें पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी विषयों की बेहतर समझ प्राप्त हुई। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद का उद्देश्य ऐसे शैक्षिक भ्रमणों के माध्यम से युवाओं में कानून के प्रति सम्मान, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत करना हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें