![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की थाना मधुबन बापूधाम पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिल और 3 स्कूटी बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल संख्या 13 हैं, जिनमें कई वाहन मधुबन बापूधाम और सिहानी गेट थाना क्षेत्र से चोरी किए गए थे। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को थाना मधुबन बापूधाम पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने हनुमान मंदिर के पीछे बने खंडहर के पास से दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान अमित कुमार (22 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार निवासी ग्राम पिपलैडा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ तथा शाहरुख खान (24 वर्ष) पुत्र सलीम निवासी ग्राम पिपलैडा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ के रूप में हुई। वहीं, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना मधुबन बापूधाम में धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने किया खुलासा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों हसरत (निवासी दनकौर, नोएडा) और सूफियान (निवासी संभल) के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों की रेकी कर मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को बेचकर मिलने वाले पैसों से अपना खर्च चलाते थे। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि दो दिन पहले उन्होंने काशीराम कॉलोनी, मधुबन बापूधाम से भी वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया था। बरामद सभी 13 वाहन इन्हीं चारों आरोपियों द्वारा अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे। पुलिस का कहना हैं कि गिरफ्तार आरोपी एक बार फिर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
13 चोरी के वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोटरसाइकिल और 3 स्कूटी बरामद की हैं। इनमें हीरो स्प्लेंडर, रॉयल एनफील्ड बुलेट, बजाज पल्सर तथा होंडा एक्टिवा जैसे वाहन शामिल हैं। बरामद वाहनों में कई ऐसे हैं जो मधुबन बापूधाम और सिहानी गेट थानों में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए हैं, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में भी जांच जारी हैं।
आपराधिक इतिहास की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ इस प्रकरण के अलावा थाना मधुबन बापूधाम में एक तथा थाना सिहानी गेट में दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनके अन्य आपराधिक इतिहास और फरार साथियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना हैं कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस वाहन चोरी गिरोह से जुड़े और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना हैं। बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों की पहचान कर उन्हें वाहन वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








