![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की ओर से उच्चस्तरीय अंतर-राज्यीय एवं अंतर-जनपदीय समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। यह बैठक अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात) की अध्यक्षता में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें दिल्ली पुलिस, नोएडा, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर सहित सीमावर्ती जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, रूट डायवर्जन, सीमावर्ती क्षेत्रों में समन्वय और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने तय किया कि सभी सीमावर्ती थानों और अधिकारियों के बीच समर्पित व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से श्रद्धालुओं की संख्या, ट्रैफिक की स्थिति और किसी भी आपात सूचना का रियल-टाइम आदान-प्रदान किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दिल्ली सीमा के पास वृहद कंटिंजेंसी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे वाहनों का दबाव नियंत्रित किया जा सके। साथ ही सीमाओं पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
![]()
श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से विशेष अपील
पुलिस ने कांवड़ियों से निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करने, वैध पहचान पत्र साथ रखने, डीजे की ऊंचाई व ध्वनि मानकों का पालन करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की हैं। वहीं, वाहन चालकों से डायवर्जन प्लान का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और कांवड़ मार्गों पर वाहन पार्क न करने का आग्रह किया गया हैं। कांवड़ सेवा शिविर संचालकों से सड़क पर अतिक्रमण न करने, शिविरों में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया हैं।
![]()
29 जुलाई से चरणबद्ध ट्रैफिक डायवर्जन
यातायात पुलिस ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 29 जुलाई 2026 सुबह 8 बजे से भारी वाहनों पर चरणबद्ध प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की हैं। गंगनहर पटरी मार्ग, पाइपलाइन रोड, एनएच-34 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर निर्धारित तिथियों से भारी एवं हल्के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। 12 अगस्त 2026 तक इन मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों पर रोक रहेगी। दिल्ली, सीमापुरी, आनंद विहार, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 5 अगस्त से हल्के वाहनों, बसों और ऑटो के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू होगा। 7 अगस्त से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे भी सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा।
हेल्पलाइन जारी
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी सहायता या सूचना के लिए यूपी-112 अथवा यातायात पुलिस कंट्रोल रूम 9643322904 पर संपर्क करें। साथ ही ट्रैफिक अपडेट के लिए X हैंडल @Gzbtrafficpol को फॉलो करने की सलाह दी गई हैं। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद ने कहा हैं कि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा पड़ोसी राज्यों और जनपदों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








