गाज़ियाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीन हैक करने वाला अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह गिरफ्तार, 4 लाख नकद व 2 कारें बरामद

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। थाना साहिबाबाद पुलिस ने एटीएम एवं कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) को हैक कर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 लाख रुपये नकद, अपराध की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो कार, वारदात में प्रयुक्त एक सेंट्रो कार, स्मार्ट प्लग, मोबाइल फोन, औजार तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को केनरा बैंक राजेंद्र नगर शाखा की शाखा प्रबंधक छवि ऐरन ने थाना साहिबाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 जून से 29 जून 2026 के बीच बैंक की कैश डिपॉजिट मशीन से अज्ञात व्यक्तियों ने छेड़छाड़ कर मशीन को हैक किया और उसमें मौजूद नकदी निकाल ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान लोकल इनपुट, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर 21/22 जुलाई की रात रेलवे स्टेशन साहिबाबाद के पास बने अंडरपास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्यवाहक डीसीपी ट्रांस हिंडन एवं डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे पहले से एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीनों की बिजली आपूर्ति में स्मार्ट प्लग लगा देते थे। इसके बाद मोबाइल में इंस्टॉल Smart Life App के माध्यम से मशीन की पावर नियंत्रित कर उसे बाधित कर देते थे। जब कोई ग्राहक नकदी जमा या निकासी करता था, तो मशीन की कार्यप्रणाली रुक जाती थी और नकदी मशीन की ट्रे या ऊपरी हिस्से में फंस जाती थी। ग्राहक के जाने के बाद अभियुक्त पेचकस और साइकिल की तान से बने विशेष औजार की मदद से मशीन खोलकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे। गिरोह के सदस्य अधिकतर वारदात बैंक खुलने से पहले या अवकाश के दिनों में अंजाम देते थे। इनमें अहसान और सिराज मशीन हैक करने का काम करते थे, जबकि आरिफ और रहीश आसपास निगरानी रखते थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने राजेंद्र नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की कैश डिपॉजिट मशीनों से भी इसी तरीके से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। अपराध से अर्जित धन से उन्होंने अन्य राज्यों में वारदात करने के लिए स्कॉर्पियो कार खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देना भी स्वीकार किया हैं। गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त

वहीं, पुलिस को पकड़े गए आरोपियों की पहचान अहसान (निवासी शहीदनगर, साहिबाबाद/मूल निवासी नूंह, हरियाणा) दूसरे की आरिफ (निवासी मुस्तफाबाद, दिल्ली/मूल निवासी मथुरा) तीसरे की सिराज उर्फ सिराजू (निवासी नूंह, हरियाणा) और चौथे की रहीश (निवासी नूंह, हरियाणा) के रूप में हुई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र तथा गाज़ियाबाद सहित विभिन्न राज्यों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें