कांवड़ यात्रा-2026: सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर ने आयोजित की समन्वय गोष्ठी

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद लगातार तैयारियों में जुटा हुआ हैं। इसी क्रम में बुधवार, 22 जुलाई 2026 को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) राजकरन नैय्यर ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित आर.के. बैंक्वेट हॉल में सिविल डिफेंस, कांवड़ संघ के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, कांवड़ मार्ग से जुड़े ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर एवं कांवड़ नोडल अधिकारी सिद्धार्थ गौतम, तीनों जोन के यातायात निरीक्षक, पुलिस अधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव, चिकित्सा सहायता, यातायात संचालन, जनसहयोग तथा संचार व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का एक विशाल आयोजन हैं, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी स्वयंसेवकों, सिविल डिफेंस कर्मियों, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती हैं। उन्होंने सभी से सेवा भाव, अनुशासन, संयम एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना, विवाद अथवा आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में यह भी तय किया गया कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को हर समय सक्रिय रखने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित स्वयंसेवकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का सहयोग करें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद का उद्देश्य कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना हैं, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं सामाजिक संगठनों का सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें