![]()
![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय में समस्त मिशन शक्ति केन्द्रों के प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध, सभी मिशन शक्ति केन्द्रों के प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निस्तारण, महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं तथा जनजागरूकता अभियानों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता, परामर्श और न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए इन केन्द्रों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाना आवश्यक हैं। पुलिस आयुक्त ने सभी प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मिशन शक्ति केन्द्र पर निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केन्द्रों पर आने वाली प्रत्येक महिला और बालिका को एक ही स्थान पर आवश्यक पुलिस सहायता, परामर्श, सुरक्षा संबंधी सेवाएं और उचित मार्गदर्शन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मिशन शक्ति केन्द्रों पर प्राप्त होने वाले प्रत्येक शिकायत प्रार्थना पत्र का गंभीरता से संज्ञान लिया जाए तथा उसका निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग कर पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहयोग, परामर्श और प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गोपनीयता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि ऐसे मामलों में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे पीड़ित महिलाओं का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्रों के माध्यम से संचालित जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी सहायता योजनाओं, हेल्पलाइन सेवाओं तथा सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर दी जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। पुलिस आयुक्त ने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, त्वरित सहायता और न्याय उपलब्ध कराने का सशक्त मंच हैं। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक के समापन पर पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का त्वरित समाधान और प्रत्येक पीड़ित महिला को सम्मानजनक एवं भरोसेमंद सहायता उपलब्ध कराना कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








