कांवड़ यात्रा-2026: गाज़ियाबाद प्रशासन और पुलिस ने कसी कमर, 11 जोन और 24 सेक्टर में होगी सुरक्षा व्यवस्था

SHARE:


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ और अपर पुलिस आयुक्त राज करन नैय्यर की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय क्रियान्वयन एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ मार्ग होंगे गड्ढामुक्त और स्वच्छ

लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि सभी कांवड़ मार्गों और संपर्क मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाए। कहीं भी जलभराव, अवरोध या क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति न रहे और नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था पर सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी माध्यमों से लगातार नजर रखी जाएगी।

बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की होगी पर्याप्त व्यवस्था

विद्युत विभाग को कांवड़ मार्गों, शिविरों और मंदिरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को पेयजल, प्राथमिक उपचार केंद्र, चिकित्सा सुविधाएं, मोबाइल एवं स्थायी शौचालय तथा नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

11 जोन और 24 सेक्टर में बंटा जनपद

कांवड़ यात्रा के प्रभावी संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे जनपद को 11 जोन और 24 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में नामित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कंट्रोल रूम से होगी 24 घंटे निगरानी

बैठक में बताया गया कि कांवड़ यात्रा की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए मेरठ तिराहा पर मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

धार्मिक भावनाओं का रखा जाएगा विशेष ध्यान

प्रशासन ने निर्णय लिया कि कांवड़ मार्गों पर स्थित मांस और मदिरा की दुकानों को नियमानुसार बंद रखा जाएगा अथवा पूरी तरह ढका जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटखोरी रोकने, ढाबों और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच करने तथा सभी प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नशे और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर चलेगा अभियान

बैठक में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर प्रभावी रोक लगाने, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह रोकने तथा पर्यावरणीय मानकों के पालन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण, वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा-2026 के लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें