![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय ने कोतवाली नगर मिशन शक्ति टीम के साथ थाना क्षेत्र स्थित एमएमएच बालिका इंटर कॉलेज का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
![]()
कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या अन्य आपात स्थिति में बिना किसी झिझक के पुलिस और संबंधित विभागों की सहायता लेनी चाहिए। उन्हें महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि: 112 – आपातकालीन पुलिस सहायता, 1090 – महिला पावर लाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन और 1930 – साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन का उपयोग किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत किया जा सकता हैं। इसके साथ ही छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सतर्क रहने, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
![]()
विद्यालय प्रशासन ने भी मिशन शक्ति टीम के इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद का उद्देश्य ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना हैं, ताकि वे सुरक्षित और आत्मनिर्भर वातावरण में आगे बढ़ सकें।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








