
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 17 जुलाई 2026 को प्रस्तावित गाज़ियाबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने बुधवार को कार्यक्रम स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केपीसी डिग्री कॉलेज समेत कई स्थलों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केपीसी डिग्री कॉलेज, मुरादनगर में मुख्य कार्यक्रम स्थल का दौरा कर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने आईटीएस डेंटल कॉलेज, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अतिथि गृह, नया बस अड्डा तथा कार्यक्रम मार्गों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, अपर पुलिस आयुक्त राज करन नैय्यर, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा

स्थलीय निरीक्षण के बाद महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति का आकलन किया गया।
सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल और मार्गों की सभी सड़कें गड्ढामुक्त एवं स्वच्छ रहें, ताकि आगंतुकों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण करें, ताकि किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








