गाज़ियाबाद में सिविल डिफेंस वार्डनों से मिले राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, बोले— समाज सेवा और आपदा प्रबंधन में निभाएं अग्रणी भूमिका

SHARE:

||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने सोमवार को हिंदी भवन, गाज़ियाबाद में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के वार्डनों एवं स्वयंसेवकों से सीधे संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने सिविल डिफेंस की भूमिका को समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया तथा जनसेवा के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी कंट्रोलर अनुराधा सिंह एवं चीफ वार्डन ललित जायसवाल द्वारा राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके अलावा सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद त्रिपाठी तथा होमगार्ड कमांडेंट अमित कुमार वर्मा का भी पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। डिप्टी कंट्रोलर अनुराधा सिंह ने मुख्य अतिथि सहित मंचासीन अधिकारियों का स्वागत किया, जबकि सहायक डिप्टी कंट्रोलर नेम सिंह ने मंत्री धर्मवीर प्रजापति के सार्वजनिक जीवन एवं कार्यों का संक्षिप्त परिचय उपस्थित वार्डनों और स्वयंसेवकों को कराया।

400 से अधिक वार्डन और स्वयंसेवक रहे मौजूद

अनुराधा सिंह और चीफ वार्डन ललित जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदी भवन का सभागार पूरी तरह भरा रहा। करीब 400 से अधिक वार्डनों एवं स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में भाग लिया और मंत्री के विचारों को सुना।

मंत्री ने साझा किए अपने अनुभव

राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अपने संबोधन में कारागार मंत्री के रूप में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि जेलों में बंद महिला कैदियों के साथ रहने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षकों की व्यवस्था कराई गई। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय से चले आ रहे जेल मैनुअल में बदलाव कर अनेक सुधार किए गए, जिससे कई आजीवन कारावास भुगत रहे कैदियों को लाभ मिला। उन्होंने बताया कि कैदियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया गया, जिसके अच्छे परिणाम सामने आए। साथ ही आर्थिक अभाव के कारण जेल में बंद 6 हजार से अधिक गरीब कैदियों को जुर्माना भरवाकर रिहा कराने में भी सहयोग किया गया।

होमगार्ड और सिविल डिफेंस के लिए बताईं योजनाएं

मंत्री ने कहा कि होमगार्ड जवानों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस मेडिकल बीमा सुविधा उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त दुर्घटना की स्थिति में 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा बैंक के माध्यम से 35 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में सिविल डिफेंस की स्थापना का कार्य पूरा कराया गया हैं और अब स्वयंसेवकों को समाज में अपनी अलग पहचान बनाते हुए आपदा प्रबंधन, जनजागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

सिटी मजिस्ट्रेट ने की सिविल डिफेंस की सराहना

सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद त्रिपाठी ने अपने संबोधन में सिविल डिफेंस गाज़ियाबाद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवक हर परिस्थिति में प्रशासन का सहयोग करते हैं। उन्होंने मंत्री का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने वार्डनों और स्वयंसेवकों से सीधे संवाद के लिए अपना बहुमूल्य समय दिया।

वार्डनों ने रखे अपने सुझाव

कार्यक्रम के दौरान डिवीजनल वार्डन सुधीर कुमार, ए.के. ठाकुर, सुजीत कुमार प्रसाद, दीपक अग्रवाल और हर्ष वर्मा ने भी मंत्री के समक्ष वार्डनों एवं स्वयंसेवकों की भावनाओं और सुझावों को रखा। इस अवसर पर 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस परेड में पुलिस लाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सिविल डिफेंस गाजियाबाद की टुकड़ी के सभी वार्डनों को राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल तथा बी.के. शर्मा ने भी मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। डिप्टी कंट्रोलर अनुराधा सिंह एवं चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने राज्य मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं सहायक डिप्टी कंट्रोलर नेम सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद त्रिपाठी तथा स्टाफ ऑफिसर राजेंद्र शर्मा ने होमगार्ड कमांडेंट अमित कुमार वर्मा को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने मुख्य अतिथि, मंचासीन अधिकारियों, भाजपा महानगर अध्यक्ष तथा सभी वार्डनों एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें