||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद जनपद के भोजपुर विकास खंड स्थित ग्राम तोड़ी 13 बिस्वा के निवासी मोहम्मद सलमान ने यह साबित कर दिया हैं कि यदि पारंपरिक पशुपालन को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ अपनाया जाए तो यह लाखों रुपये की आय और रोजगार का मजबूत साधन बन सकता हैं। पशुपालन विभाग के सहयोग और भारत सरकार की नेशनल लाइवस्टॉक मिशन योजना का लाभ लेकर उन्होंने आधुनिक बकरी पालन यूनिट स्थापित की, जिससे आज वे आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन गए हैं।
50 लाख रुपये की सब्सिडी से स्थापित की आधुनिक यूनिट
मोहम्मद सलमान ने वर्ष 2023-24 में पशुपालन विभाग, गाज़ियाबाद के सहयोग से भारत सरकार की नेशनल लाइवस्टॉक मिशन योजना के अंतर्गत 500 मादा और 25 नर बकरियों की क्षमता वाली आधुनिक बकरी पालन यूनिट स्थापित की। इस परियोजना के लिए उन्हें 50 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप फार्म विकसित किया। इस योजना के माध्यम से उन्हें आधुनिक शेड, बेहतर प्रबंधन और उन्नत नस्लों के पालन की सुविधा मिली, जिससे उनका व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा हैं।
500 से अधिक उन्नत नस्ल की बकरियों का पालन
वर्तमान में उनके फार्म पर 500 से अधिक सिरोही, बरबरी और जखराना नस्ल की बकरियों का पालन किया जा रहा हैं। ये नस्लें बेहतर दूध उत्पादन, तेज वृद्धि और उच्च गुणवत्ता वाले मीट के लिए जानी जाती हैं। बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए इन नस्लों का चयन किया गया, जिससे बिक्री और मुनाफे में लगातार वृद्धि हो रही हैं।
वैज्ञानिक पद्धति से बढ़ी उत्पादकता
मोहम्मद सलमान बताते हैं कि उनके फार्म पर बकरियों की देखभाल पूरी तरह वैज्ञानिक तरीके से की जाती हैं। संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण, नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दिया जाता हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए भी प्रभावी प्रबंधन अपनाया जाता हैं, जिससे पशु स्वस्थ रहते हैं और उत्पादन प्रभावित नहीं होता। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बकरी से प्रतिदिन लगभग एक से डेढ़ किलोग्राम दूध प्राप्त होता हैं। दूध बिक्री के अलावा बकरियों और बकरों की बिक्री से भी उन्हें अच्छा आर्थिक लाभ मिल रहा हैं।
ग्रामीण युवाओं के लिए बना प्रेरणास्रोत
मोहम्मद सलमान का बकरी फार्म आज केवल उनका व्यवसाय नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार का एक सफल मॉडल बन चुका हैं। उनके फार्म को देखकर आसपास के किसान और युवा भी आधुनिक बकरी पालन अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल रही हैं।
पारंपरिक काम को बनाया सफल व्यवसाय
मोहम्मद सलमान का कहना हैं कि मेहनत, सही योजना और आधुनिक तकनीक के उपयोग से किसी भी पारंपरिक कार्य को सफल व्यवसाय में बदला जा सकता हैं। उन्होंने बकरी पालन को केवल परंपरागत पेशा न मानकर एक संगठित उद्यम के रूप में विकसित किया हैं, जिससे वे प्रतिवर्ष लाखों रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार, नेशनल लाइवस्टॉक मिशन जैसी योजनाओं का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक सहायता देकर आधुनिक पशुपालन को बढ़ावा देना, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजित करना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना हैं। मोहम्मद सलमान की सफलता इसी दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई हैं।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








