डीसीपी धवल जायसवाल ने थाना विजयनगर का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार थानों का निरीक्षण किया जा रहा हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने थाना विजयनगर का विस्तृत निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए कार्यालय व्यवस्था, विभिन्न अभिलेखों, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की भी समीक्षा की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। डीसीपी ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि अभिलेखों का नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए और सभी पुलिस रिकॉर्ड सुव्यवस्थित तरीके से संधारित किए जाएं। उन्होंने मालखाने में रखे गए जब्त माल के सुरक्षित रखरखाव, हवालात की सुरक्षा तथा शस्त्रागार के संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की प्रगति, अपराध नियंत्रण की रणनीति और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए तथा क्षेत्र में नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। डीसीपी धवल जायसवाल ने थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि जनता से संवाद बेहतर बनाया जाए, प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी मजबूत करना हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें