गाज़ियाबाद: 24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, रिश्तेदार ने ही रची थी ₹2.25 लाख लूट की साजिश, तीन गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


||TC24N|| फाईज़ अली सैफी

गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद पुलिस की स्वाट टीम (ग्रामीण जोन) और मसूरी थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ₹2.25 लाख की लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹1.67 लाख नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटर साइकिल बरामद की हैं। मामले में एक आरोपी अभी फरार हैं, जिसकी तलाश जारी हैं।

रिश्तेदार ने ही रची लूट की साजिश

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 5 जुलाई 2026 को रिजवान नामक व्यक्ति ने थाना मसूरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी फैक्ट्री से अपने पार्टनर दानिश के माध्यम से ₹2.25 लाख अपने रिश्ते के भांजे एवं पूर्व कर्मचारी नवेद के हाथ मसूरी मंगवाए थे। रास्ते में स्प्लेंडर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने नकदी लूट ली। शिकायत के आधार पर थाना मसूरी में बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV और सर्विलांस से खुला राज

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि कथित पीड़ित नवेद ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी लूट की साजिश रची थी। जिसमें, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं, जिनके नाम नवेद (19 वर्ष), शादाब अल्वी (24 वर्ष) और फुरकान (23 वर्ष) हैं, तीनों हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं, चौथा आरोपी शोएब पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पूछताछ में कबूला पूरा सच

पूछताछ में नवेद ने बताया कि जब उसे फैक्ट्री से ₹2.25 लाख लाने की जिम्मेदारी मिली तो पैसे देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसने अपने दोस्तों शादाब, फुरकान और शोएब के साथ मिलकर नकदी लूटने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक वह फैक्ट्री से रुपये लेकर निकला, जबकि उसके तीनों साथी दूसरी मोटर साइकिल से पीछे-पीछे चलते रहे। मसूरी अंडरपास से आगे बांके बिहारी डेंटल कॉलेज के पास पहले से तय योजना के अनुसार नकदी छीन ली गई। शक से बचने के लिए नवेद ने खुद ही पुलिस चौकी पहुंचकर लूट की झूठी सूचना दी।

पैसे बांटने से पहले पुलिस ने दबोचा

डीसीपी के अनुसार, आरोपी घटना के बाद रुपये अपने साथियों के पास रखवाकर मौके से अलग हो गया था। 6 जुलाई की रात सभी आरोपी रुपये का बंटवारा करने के लिए मिले थे, तभी पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मौके से एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,67,000 नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटर साइकिल बरामद की हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 61(2) की बढ़ोतरी की गई हैं। फिलहाल, फरार आरोपी की तलाश जारी हैं तथा गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही हैं।

The Crime 24 News
Author: The Crime 24 News

Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India

Leave a Comment

और पढ़ें