![]()
||TC24N|| फाईज़ अली सैफी
गाज़ियाबाद, 6 जुलाई 2026। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी (DCDC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे ‘सहकारिता सप्ताह 2026’ के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों और जनपद में सहकारी समितियों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की सभी बी-पैक्स (PACS) समितियों की सूची तैयार कर उनकी भूमि को भू-राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए, ताकि समितियों की परिसंपत्तियों का विधिवत रिकॉर्ड तैयार हो सके। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) ने जानकारी दी कि जनपद की कुछ बी-पैक्स समितियों में अभी तक शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इस पर सीडीओ ने संबंधित समितियों की सूची तैयार कर ग्राम पंचायत एवं न्याय पंचायत निधि से शौचालय निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बी-पैक्स समितियों के पास उपलब्ध रिक्त भूमि का उपयोग आय बढ़ाने के लिए करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) के माध्यम से अतिरिक्त भूमि पर नए व्यवसाय विकसित करने की योजना बनाई जाए। जिला कृषि अधिकारी ने सुझाव दिया कि बी-पैक्स समितियों के माध्यम से जीवामृत जैसे जैविक उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा दिया जाए तथा किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
![]()
वहीं, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की ओर से बी-पैक्स समितियों पर नियमित पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने आगे निर्देश दिए कि बी-पैक्स समितियों में कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र आसानी से उपलब्ध हो सकें। साथ ही जैविक खेती करने वाले किसानों की पहचान कर उनके माध्यम से जिले में जैविक कृषि को बढ़ावा देने की रणनीति तैयार करने पर भी बल दिया गया। बैठक में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) अमित कुमार त्यागी, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सहकारी बैंक गाज़ियाबाद के उपमहाप्रबंधक रगेश चन्द्र तथा नाबार्ड की डीडीएम अलका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सहकारी समितियों को आधुनिक, आत्मनिर्भर और किसानों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
Author: The Crime 24 News
Faiez Ali Saifi – Editor-in-Chief / Senior Journalist | Place: Ghaziabad, NCR, Uttar Pradesh, India








